फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव के लिए अधिग्रहीत होंगे तीन हजार वाहन

विज्ञापन
विज्ञापन
चुनाव के लिए अधिग्रहीत होंगे तीन हजार वाहन
विज्ञापन

एआरटीओ कार्यालय ने अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पंचायत चुनाव के लिए जिला प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ है। चुनाव में तैनात पोलिंग पार्टियों और अधिकारियों के लिए करीब तीन हजार छोटे-बड़े वाहनों की जरूरत होगी। एआरटीओ कार्यालय ने इन वाहनों के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये सभी वाहन 26 अप्रैल तक अधिग्रहीत कर लिए जाएंगे।
पंचायत चुनाव में पुलिस और जिला प्रशासन को करीब 1500 भारी और 1500 छोटे वाहनों की जरूरत है। जिससे पोलिंग बूथ पर मतदान कार्मिक, पुलिस कर्मी और होमगार्ड के जवानों को समय से भेजा जा सके। जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं मोबाइल ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के लिए छोटे वाहनों की जरूरत है। जिले में छोटे वाहनों की संख्या तो पर्याप्त है, लेकिन बड़े वाहनों में से करीब तीन बसों की कमी पड़ रही है। इन भारी वाहनों को मंडलीय पूल से जिले को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित को मांग पत्र भेज दिया गया है। जिले में उपलब्ध वाहनों के अधिग्रहण के लिए एआरटीओ की तरफ से सभी वाहन स्वामियों को पत्र जारी कर दिया गया है। ये सभी वाहन 26 अप्रैल तक अधिग्रहीत कर लिए जाएंगे। बड़े वाहन संबंधित ब्लॉक, ट्रक जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम और छोटे वाहन जिला मुख्यालय स्थित बुद्धा पार्क में एकत्र कर लिए जाएंगे। ताकि 27 को पोलिंग पार्टियों के साथ मतदान कार्य में लगे पुलिस, होमगार्ड समेत अन्य कर्मचारियों को समय से संबंधित मतदान स्थल के लिए रवाना किया जा सके।
विज्ञापन

एआरटीओ संदीप कुमार पंकज ने बताया कि आगामी जून तक सभी तरह के वाहनों के प्रपत्र को शासन ने वैध करार दे दिया है। ऐेसेे में वाहन के पेपर में कमी का हवाला देकर कोई भी वाहन स्वामी अपना वाहन चुनाव ड्यूटी में देने से मना नहीं कर सकता है। प्रशासन की तरफ से अधिग्रहीत सभी वाहनों को निर्धारित समय के भीतर अधिग्रहीत कर लिया जाएगा। इसके लिए सभी वाहन स्वामियों को पत्र जारी कर दिया गया है। वाहनों में तकनीकी कमी को वाहन स्वामी निर्धारित समय के भीतर दुरुस्त करा लें। चुनाव में लगे वाहन समय पर निर्धारित स्थल पर नहीं पहुंचने पर संबंधित वाहन स्वामी के खिलाफ निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मतदाता मौन, प्रत्याशियों की धड़कन बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
जटहां बाजार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही प्रत्याशियों की धड़कन तेज होती जा रही है। कारण कि मतदाता मौन हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुराने समय में चुनाव से पहले लोग प्रत्याशियों के साथ खुलकर सामने आ जाते थे, लेकिन इस बार ऐसा देखने को नही मिल रहा है।
जनपद में 17 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। ऐसे में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों की चिंता बढ़ती जा रही है। चिरगोड़ा निवासी रामजी राय, हरपुर के रामजी चौबे, अकबरपुर के जगदीश खरवार और जटहां बाजार के उमाशंकर विश्वकर्मा सहित कई लोगों का कहना है कि 15 वर्ष पूर्व प्रत्याशियों के साथ चुनाव की शुरुआत में ही लोग साथ आ जाते थे और उनके साथ प्रचार प्रसार शुरू कर देते थे। उस समय गांवों में खेमेबाजी खूब देखने को मिलती थी, लेकिन विवाद की स्थिति न के बराबर हुआ करती थी। वर्तमान में चुनाव की स्थिति बहुत खराब होती जा रही है। अब मतदान के दिन तक मतदाता अपनी चुप्पी नहीं तोड़ रहे हैं, जिससे किसी के हार-जीत की कल्पना नहीं हो पा रही है। अब प्रत्याशियों के साथ उनके सगे संबंधी ही घूमते देखे जा रहे हैं। इस समय स्थिति यह है कि प्रत्याशियों की संख्या बढ़ने के कारण मतदाता भी काफी असहज दिख रहे हैं और सभी को खुश रखने के लिए जीतने का आशीर्वाद दे रहे हैं। इससे सभी प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित मान रहे हैं। मतदाताओं की चुप्पी देख प्रत्याशी उन्हें खुश करने के लिए तरह तरह के फार्मूले अपना रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि अब समय है कि चुपचाप अपने मत का प्रयोग कर दिया जाए। किसी प्रत्याशी के पक्ष में खुलकर सामने आना उचित नहीं है। इस बार के चुनाव में पहले की अपेक्षा दावतों का दौर कुछ कम हुआ है। शायद कोविड संक्रमण का खतरा और प्रशासन की सख्ती वजह हो सकती है।
विज्ञापन

जिला पंचायत सदस्य : बसपा के छह और उम्मीदवार तय
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। बसपा ने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए छह और प्रत्याशियों की सूची रविवार को जारी कर दी। यह पार्टी की दूसरी सूची है। पंचायत चुनाव प्रभारी व गोरखपुर मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी सुधीर कुमार भारती ने रविवार को यह सूची जारी की। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर-17 महिला सीट से सरस्वती यादव पत्नी सूर्यप्रकाश यादव, वार्ड नंबर तीन अनारक्षित से रुबीना अंसारी पत्नी आलमगीर अंसारी, वार्ड नंबर-29 पिछड़ा वर्ग से रविंद्र राजभर, वार्ड नंबर-24 पिछड़ा वर्ग से सत्यदेव कश्यप उर्फ डब्लू गुप्ता, वार्ड नंबर-एक अनारक्षित से उपेंद्र कुशवाहा व वार्ड नंबर-14 अनारक्षित सीट से मोहम्मद करीम सिद्दीकी उर्फ बब्लू उम्मीदवार बनाए गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें