पडरौना में 132 केवी के बिजलीघर लिए मिली स्वीकृति, जमीन चिह्नित
- दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में होगा बिजलीघर का निर्माण
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पडरौना। विद्युत उपकेंद्रों को पॉवर सप्लाई करने वाले 132 केवी बिजलीघर के लिए स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए पडरौना के निकट जंगल विशुनपुरा में दो हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इस उपकेंद्र के बन जाने से बिजली के लिए कसया के 132 केवी पर निर्भरता खत्म हो जाएगी।
पडरौना शहर और आस पास के क्षेत्रों में बिजली समस्या से निजात दिलाने के लिए 132 केवी का बिजलीघर स्थापित करने की मांग लंबे अरसे से की जा रही थी, लेकिन जमीन उपलब्ध न होने के कारण यह कोशिश परवान नहीं चढ़ पा रही थी। शहर के कुछ जागरूक लोगों ने भी इसके लिए प्रयास किया था। आखिरकार कोशिश रंग लाई और इसके लिए जंगल विशुनपुरा में दो हेक्टेयर जमीन उपलब्ध हो गई है। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड, विद्युत प्रेषण खंड प्रथम गोरखपुर के एक्सइएन राम सुरेश ने बताया है कि पडरौना में 132 केवी के उपकेंद्र के निर्माण के लिए कारपोरेशन की ओर से लगभग दो हेक्टेयर जमीन खरीदी जाएगी, जो पडरौना तहसील क्षेत्र के जंगल विशुनपुरा में मिली है। यह वर्तमान में दिनेश प्रताप नारायण सिंह ग्राम जगदीश गढ़ के नाम से है। भूमि का सीमांकन राजस्व विभाग की ओर से शीघ्र कर लिया जाएगा। उसके बाद कारपोरेशन के नाम से स्थानांतरण हो जाएगा।