जिले के भीतर स्थानांतरण के लिए अनुदेशक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। परिषदीय विद्यालयों में तैनात अंशकालीक अनुदेशक जिले के भीतर स्थानांतरण ले सकेंगे। इसके लिए एनआईसी लखनऊ की तरफ से विकसित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। स्थानांतरण की प्रक्रिया तीन चरणों में की जाएगी। यह पूरी कार्रवाई डीएम की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय टीम करेगी।
कुशीनगर जिले में 538 संवलियन और 286 जूनियर विद्यालय संचालित होते हैं। इसमें से जिन विद्यालयों में सौ से अधिक छात्र संख्या है, उन विद्यालयों में अंशकालीक अनुदेशक तैनात किए हैं। इन विद्यालयों में तैनात अनुदेशक जिले के भीतर स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए एनआईसी की तरफ से अलग से एक पोर्टल जारी किया गया है, जिस पर अनुदेश ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर आए आवेदनों को डीएम की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय समिति स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करेगी। इस समिति में डीएम अध्यक्ष, सीडीओ उपाध्यक्ष, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सविच और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य व सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी (समग्र शिक्षा) सदस्य होंगे। इस संबंध में बीएसए डॉ. राम जियावान मौर्या ने कहा कि अनुदेशकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा की तरफ से पत्र मिला है। इसके लिए एनआईसी की तरफ से विशेष पोर्टल विकसित किया जाएगा। हालांकि इस संबंध में अभी कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है। शासन तरफ से आवेदन तिथि घोषित होते हुए संबंधित को जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी।