संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। एनएच-28 मार्ग स्थित कुशीनगर के जेटी चौराहे पर रविवार को दो बाइक चालकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एनएचएआई के एंबुलेंस से सीएचसी कसया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक की हालत गंभीर देखकर मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के गांव बतरौली निवासी पवन शर्मा (20), हाटा कोतवाली क्षेत्र के रधिया देवरिया निवासी अपने मौसेरी बहन सोनी शर्मा (15) को बाइक से कसया की तरफ जा रहे थे। अभी वे जेटी चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे रिजवान (25) की बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
सूचना पर पहुंची एनएचआई की एंबुलेंस से तीनों घायलों को कसया सीएचसी भेजवाया गया, जहां डॉक्टर ने रिजवान की हालत गंभीर देखकर मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि घटना जानकारी है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।