पडरौना। माध्यमिक शिक्षा विभाग बोर्ड परीक्षा को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। मंगलवार को यूएनआईसी में बने कोठार से दूसरे दिन दो तहसील के 60 केंद्राें को उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। पहले दिन दो तहसील के 72 केंद्रों में कापियों का वितरण हुआ था।
उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज पडरौना में बने कोठार से उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण सुबह दस बजे से प्रारंभ हुआ। नोडल ने बताया कि पहले दिन खड्डा व तमकुही तहसील के 72 केंद्रों में कापियों का वितरण किया था। मंगलवार को पडरौना व हाटा तहसील के 60 केंद्राध्यक्षों में उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया गया है। बताया कि पुलिस की मौजूदगी व सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कापियों का वितरण किया जा रहा है। एक केंद्र को कुल परीक्षार्थियों के सापेक्ष 75 फीसदी कापियों को मुहैया कराया जा रहा है। बताया कि बुधवार को कसया व कप्तानगंज तहसील के अवशेष 62 केंद्रों में कापियों का वितरण किया जायेगा। कापियों का उठान कराने वाले प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र मणि त्रिपाठी, शैलेंद्र दत्त शुक्ला, अरविंद सिंह, नवेंदूभूषण, नियामत अली, सुरेंद्र कुमार, रूदल पांडेय, गोविंद मिश्रा, अश्वनी पांडेय आदि शामिल रहे।