पडरौना। शहर के बीच से होकर गुजरने वाला एनएच-28बी शहर का सबसे व्यस्त और मुख्य मार्ग है। गंडक नहर पर बने पुल के दोनों तरफ सड़क तो चौड़ी कर दी गई है परंतु पुल अभी संकरा है। इस कारण दिन भर जाम लगा रहता है। पुल पार करने में लोगों को 15-20 मिनट का समय लग जाता है। जाम भी आसपास नहीं बल्कि डेढ़ से दो किमी तक लग जाता है। जिसे खत्म कराने में पुलिस के भी पसीने छूट जाते हैं। लोगों को इस समस्या से शीघ्र ही निजात मिलने वाली है। राज्यसभा सदस्य आरपीएन सिंह की पहल पर एनएचएआई के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर नए पुल के लिए डीपीआर शासन को उपलब्ध कराना है। विभाग की तरफ से पुल किस तरफ बनाया जा इसके लिए स्थान का चयन कर लिया गया है।
सुभाष चौक से जिला मुख्यालय की तरफ से जाने वाली सड़क शहर की सबसे व्यस्त मार्ग है। इस रास्ते जिला मुख्यालय के अलावा कसया, गोरखपुर, देवरिया, कुबेरस्थान, तुर्कपट्टी के लोग आते-जाते हैं। लोगों को इस मार्ग पर स्थित गंडक नहर पर बने पुल को पार करना पड़ता है। इस पुल के दोनों तरफ सड़क चौड़ा कर एनएच-28बी बनाया गया है। इसके अलावा नहर की पटरी से होकर नेपाल राष्ट्र को जोड़ने के लिए झुलनीपुर जाने के लिए बाईपास सड़क बनी है। इस मार्ग पर भी हर दिन वाहनों की लंबी लाइन लगी रहती है। यहां बनी सड़क की अपेक्षा पुल संकरा होने के कारण रुक-रुक कर पूरे दिन जाम लगता रहता है। सप्ताह में दो से तीन ऐसा होता कि इसकी दोनों तरफ से करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लाइन लग जाती है। उससे निकलने में लोगों को घंटे भर का समय लग जाता है।