कोटवा बाजार। गर्भवती महिला की अधिक रक्तस्राव से मौत होने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। पुलिस इस मामले में इलाज में लापरवाही बरतने वाली एएनएम पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं घटना के बाद से अस्पताल संचालक व कर्मी फरार चल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही जांच अभी जारी है। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कोटवा कला में अवैध तरीके से विभागीय मिलीभगत से मंगलम हास्पिटल संचालित हो रहा था। महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के बसडीला गांव निवासी चार माह की गर्भवती 28 वर्षीय प्रतिमा यादव के पेट में दर्द हुआ तो एक दलाल बेहतर इलाज का झांसा देकर मंगलम हास्पिटल में सोमवार की शाम को लाया। प्रतिमा के ससुर लल्लन यादव ने पुलिस दी तहरीर में बताया है कि इलाज के दौरान एएनएम ने पेट में पल रहे भ्रूण की मौत होने की बात कही और गर्भपात किया। गर्भपात के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और मंगलवार को दोपहर में उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत होने के बाद संचालक और एएनएम अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद कुछ लोग आए और प्रतिमा को जिंदा बताते हुए कुशीनगर मेडिकल कॉलेज लेकर अपने वाहन से गए, मेडिकल कॉलेज न ले जाकर पोस्टमार्टम हाउस के बाहर शव फेंक कर भाग गए। इसके बाद परिजन शव लेकर मंगल हास्पिटल पर पहुंचे और शव रखकर सड़क जाम कर दिया। खड्डा तहसीलदार के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ।
पुलिस इस मामले में प्रतिमा के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने एएनएम किरण पांडेय और अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, फर्जी तरीके से अस्पताल संचालित करने का केस दर्ज कर लिया है। वहीं नेबुआ नौरंगिया सीएचसी के अधीक्षक डॉ. रजनीश श्रीवास्तव भी पुलिस को तहरीर दिया है। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।