गंगुआ बाजार। तमकुहीराज पुलिस को हाईवे के रास्ते पिकअप से गोवंश को लेकर बिहार जाने की सूचना बृहस्पतिवार को भोर में मिली। इसके बाद समउर चौकी पर तैनात दरोगा और सिपाही अलर्ट हो गए। उन्होंने कीलदार पट्टा समउर चौराहा के पास सड़क पर बिछा दिया। पशु तस्कर पिकअप लेकर पहुंचे और पुलिस को देख अचानक पिकअप पटहेरिया के रास्ते मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने कार और बाइक से उनका करीब पांच किमी तक पीछा किया, लेकिन वह पटहेरवा, चौराखास थाना क्षेत्र होते हुए बिहार में दाखिल हो गए और टीम हाथ मलती रह गई।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के समउर चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना मिली कि हाईवे के रास्ते एक पिकअप से गोवंश लेकर पशु तस्कर जा रहे हैं। वह फाजिलनगर से आगे बढ़े हैं। चौकी इंचार्ज और सिपाहियों ने समउर चौराहा पर कीलदार पट्टा बिछाकर घेराबंदी कर दिया। सुबह करीब पांच बजे पिकअप आता दिखा तो पुलिस वाले सड़क पर आ गए। यह देख पिकअप चालक अचानक वाहन पटहेरिया मार्ग पर पर मोड़ दिया और भागने लगा। कार व बाइक से सिपाहियों ने करीब पांच किमी तक पीछा किया, लेकिन तस्कर पिकअप लेकर भाग निकले। सड़क पर टहलने निकले लोगों में चर्चा रही कि पुलिस की सक्रियता पर तस्करों का दुस्साहसा भारी पड़ रहा है, जितनी तेज गति से पिकअप लेकर चालक भाग रहा था। अगर कोई सामने आता तो कुचल देता। तस्करों को रोकने के लिए पटहेरवा और चौराखास पुलिस ने भी अपने क्षेत्र में घेराबंदी की, लेकिन तस्कर चकमा देकर भागने में सफल रहे। इस बाबत समउर बाजार के चौकी इंचार्ज विकास मौर्या ने बताया कि भोर में सूचना मिली कि एक पिकअप से गोवंश को लेकर पशु तस्कर बिहार जा रहे हैं। समउर तिराहे पर घेराबंदी किया गया था। पुलिस को देखकर तस्कर पिकअप लेकर भाग गया। उसका पीछा किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली।