संवाद न्यूज एजेंसी
तुर्कपट्टी। स्थानीय थाने की पुलिस ने बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर धुनवलिया मोड़ के पास मैक्सी में लादकर ले जा रहे वाहन से तीन तीन पशु सहित एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
तुर्कपट्टी पुलिस को मुखबिर खास ने थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह को सूचित किया कि महिन्द्रा मैक्सी पर तीन दुधारू गायों को लादकर पशु तस्कर फाजिलनगर के रास्ते बिहार की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अपने हमराही सहित पुलिस बल के साथ धुनवलिया मोड़ पर वाहनों की जांच करते करते हुए। गाड़ी के आने का इंतजार करने लगे।
थोड़ी देर बाद गाड़ी आती हुई दिखी लेकिन पुलिस को सामने देख तस्कर कुछ दूर पहले ही गाड़ी रोककर भागने लगा। वहीं, पहले से तैयार पुलिस ने लगभग ढाई सौ मीटर दौड़ाकर 20 वर्षीय मुमताज आलम पुत्र मुन्ना देवान निवासी ग्राम पठानी टोला-सलेमगढ़ थाना तरयासुजान को गिरफ्तार कर लिया। जामा तलाशी के दौरान उसके पास से एक मैक्सी व तीन पशु मिले। उनके हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था।
इस संबंध में थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि पकड़े गए तस्कर का पुराना आपराधिक रिकाॅर्ड है। इसके विरुद्ध तमकुहीराज,पटहेरवा थाने में भी मुकदमा पंजीकृत है।