थाना क्षेत्र के गोपालगढ़ के सामने बुधवार की शाम करीब सात बजे एनएच पार करते समय बाइकसवार दो युवक एक लग्जरी वाहन की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में तीन व्यक्ति घायल हो गए। उन्हें कसेया सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दो गंभीर रूप से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। जबकि हादसे के बाद आधे घंटे तक गुस्से में आए लोगों ने एनएच को जाम कर दिया।
रामकोला थाना क्षेत्र के सिंगहा गांव के निवासी अमित शाही (20) और पटहेरवा थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी विजय मल्ल (22) शाम को बाइक से गोपालगढ़ की तरफ जा रहे थे। जैसे ही गोपालगढ़ तिराहे पर पहुंचे, गोरखपुर की तरफ से तेज रफ्तार में जा रहे लग्जरी वाहन ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार छिटककर दूर जा गिरे। उनमें अमित गोपालगढ़ निवासी अपने मामा शंकर के घर रहकर सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ाई करता है, जबकि विजय किराए के मकान में रहता है। इस हादसे में लग्जरी वाहन में बैठे पश्चिमी चंपारण जिले के अख्तर आलम को भी चोट आई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को कसेया सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने अमित और विजय की हालत चिंताजनक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद नाराज लोगों ने गोपालगढ़ तिराहे पर एनएच जाम कर दिया। करीब आधा घंटा तक आवागमन ठप रहा। सूचना मिलने पर सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी और एसओ सौदागर राय ने घायलों को मदद दिलाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया और हाईवे को सामान्य कराया।