अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के गांव बसंतपुर निवासी एक किशोर ने छत की कुंडी से फंदा लगा लिया। जानकारी होते ही परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिपराइच लेकर चले गए, जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किशोर के मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव बसन्तपुर निवासी ओमप्रकाश सिंह का 14 वर्षीय पुत्र सत्यम सिंह काफी दिनों से मां राजमती देवी से मोबाइल फोन की मांग कर रहा था। उसकी मां दिवाली में छूट आने पर मोबाइल फोन खरीदने के लिए कह रही थी। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब ढाई बजे राजमती खेत की तरफ गई थी। घर पर कोई नहीं था। उसी दौरान मोबाइल नहीं मिलने से नाराज सत्यम ने छत की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मां जब खेत से घर पहुंची तो बेटे को फंदे से लटका देख चिखने चिल्लाने लगी। शोर सुनकर परिवार समेत आसपास के लोग पहुंचे और सत्यम को फंदे से उतारकर पिपराइच सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की सूचना पर पहुंचे अहिरौली थाने के एसआई गिरिजेश कुमार शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि सत्यम कक्षा पांच का छात्र था। बृहस्पतिवार को स्कूल से घर पहुंचा। उस समय उसकी मां खेत में लहसुन देखने गई थी। घर पर कोई नहीं था।
सत्यम के पिता लुधियाना में मजदूरी करते हैं। उसका बड़ा भाई अंकित सिंह चेन्नई में मजदूरी करता है। घर पर सत्यम के साथ मां राजमती देवी रहती हैं। इस संबंध में अहिरौली बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि फंदा लगाकर युवक ने जान दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।