फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: मुआवजा नहीं मिलने से नाराज किसानों ने बाढ़ बचाव का काम रोका, हंगामा

Fri, 01 Aug 2025 01:18 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
बांध पर ग्रामीणों से जानकारी लेते नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा। संवाद 
विज्ञापन
तमकुहीरोड। जवही दयाल में एपी बांध पर चल रहे परियोजना कार्य को ग्रामीणों ने अपने जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर बृहस्पतिवार रोकवा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि आश्वासन दिए जाने के बाद भी बाढ़ खंड के अभियंताओं ने अभी तक उनके जमीन का मुआवजा नहीं दिलाया है। इसकी सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर शांत कराया और उनके आश्वासन पर कार्य शुरू करा दिया गया।
विज्ञापन

एपी बांध पर जवही दयाल गांव के पास बंधे का बचाव कार्य को लेकर इस साल शासन ने 11.47 लाख की लागत की एक परियोजना की स्वीकृति दी है, जिसमे किमी 4.000 और किमी 4.320 पर स्पर व स्टड का निर्माण कराया जाना शामिल है। यह कार्य दो माह से अधिक समय से चल रहा है। इसमें शिवनाथ, सुरेंद्र, लखीचंद्र, भीखम, पन्नालाल, लालबाबू, शंकर, मोतीचंद समेत बीस से अधिक किसानों की कास्तकारी भूमि भी पड़ी है। जब परियोजना का कार्य शुरू हुआ तो लोगों ने अपनी भूमि पर होने वाले निर्माण कार्य को लेकर विरोध किया था। तब उन्हें बाढ़ खंड के अभियंताओं की ओर से आश्वस्त किया गया था कि उनकी भूमि का मुआवजा दिलाया जाएगा। किसान इसी बीच लगातार मुआवजे की मांग करते रहे, लेकिन आधे से अधिक निर्माण कार्य हो जाने के बाद भी सिर्फ किसानों को आश्वासन ही मिलता रहा। इससे नाराज किसान बृहस्पतिवार को एपी बांध पर पहुंचे और काम रोककर हंगामा करने लगे। इससे बाढ़ खंड के अभियंताओं के हाथ पांव फूल गए। ग्रामीणों की ओर से बांध बचाव कार्य को रोक दिए जाने की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा व राजस्व निरीक्षक जयंत कुमार गुप्ता सहित अन्य राजस्वकर्मी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों की समस्याए सुनीं। ग्रामीणों का आरोप था कि उन्हें बिना मुआवजा दिये उनकी भूमि पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया और बार बार आश्वासन दिए जाने के बाद भी विभाग की ओर से उनके भूमि का मुआवजा अभी तक नही दिलाया गया है। ग्रामीणों की समस्या सुन कर नायब तहसीलदार ने उनको समझा बुझाकर शांत कराया और बाढ़ खंड के अभियंताओं से ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने निर्देश दिया। इसके बाद कार्य शुरू कराया गया। ग्रामीणों का कहना था कि उनकी भूमि के मुआवजे का भुगतान शीघ्र नहीं होता है तो वह पुनः काम रोक कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान बाढ़ खंड के एसडीओ विवेक त्रिपाठी, जेई सुनील कुमार यादव सहित अशोक कुशवाहा, बृजकिशोर साहनी,जयप्रकाश, संत कुशवाहा, सीताराम, कैलाश सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें