पटहेरवा। बिजली उपकेंद्र पटहेरवा पर बुधवार की रात बिजली कटौती से नाराज बरई पार के कुछ युवकों ने ड्यूटी पर तैनात एसएसओ की पिटाई कर दी। आरोप है कि युवक पहुंचे और बिना कुछ पूछे विवाद करने लगे। विरोध करने व वीडियो बनाने पर पिटाई कर मोबाइल को तोड़ दिया। जेई ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाद के चलते रात में करी चार घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
उपकेंद्र पर राघवेंद्र सिंह आउटसोर्सिंग पर एसएसओ हैं। बुधवार की रात ड्यूटी कर रहे थे। आरोप है कि रात करीब 10.30 बजे बरई पट्टी के कुछ युवक बाइक से पहुंचे। बिजली कटौती का आरोप लगाते हुए एसएसओ को अपशब्द कहने लगे। उस समय मेन आपूर्ति ठप थी। एसएसओ ने युवकों को इसकी जानकारी भी दी और बताया कि मेन सप्लाई बंद होने से फीडरों पर रोस्टिरिंग की जा रही है। आरोप है कि युवक कंट्रोल रूम में घुस गए और एसएसओ की पिटाई करने लगे। एसएसओ ने अपने मोबाइल में मारपीट का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो युवकों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग व सो रहे कर्मचारी पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद युवक चले गए। सूचना पर रात को आई पुलिस ने घटना जानकारी ली। उपकेंद्र के जेई संदीप मिश्रा ने चार नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष प्रविंद्र राय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।