संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के समउर-तमकुहीराज मार्ग पर शनिवार की शाम सरेया बुजुर्ग गांव के पास सड़क पार कर रही 54 वर्षीय एक महिला बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सड़क पर गिरने से बाइक सवार भी घायल है। मौजूद लोगों ने दोनों को तमकुहीराज सीएचसी भेजवाया, जहां दोनों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि वहां बाइक सवार का इलाज चल रहा है।
क्षेत्र के सरेया बुजुर्ग गांव निवासी कुसमावती देवी (54) शनिवार की शाम करीब पांच बजे दुकान से सामान खरीदकर घर आने के लिए सड़क पार कर रही थीं। उसी दौरान तमकुहीराज की तरफ से आ रहे बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद बाइकसवार भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर कर घायल हो गया। वह पड़ोसी राज्य बिहार का निवासी बताया जा रहा है।
मौजूद लोग दोनों घायलों को सीएचसी तमकुहीराज ले गए, जहां डॉक्टर ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान कुसमावती की मौत हो गई, जबकि घायल बाइक सवार का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस संबंध में समउर बाजार चौकी प्रभारी राजेश कुमार गौतम ने बताया कि मृतक महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल बाइक सवार का इलाज चल रहा है। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।