अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के गांव सुम्हाटार निवासी एक चार वर्षीय बच्चे की बृहस्पतिवार को देर शाम करीब पांच बजे कीटनाशक पदार्थ खाने से मौत हो गई। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव सुम्हाटार निवासी सोनू सिंह का चार वर्षीय पुत्र शिवांस सिंह गांव में बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते समय कही से कीटनाशक पदार्थ खा लिया।
छोटा बच्चा होने के कारण उसे कुछ पता नहीं चला। देर शाम करीब पांच बजे हालत बिगड़ने लगी तो बच्चे ने अपने पिता से कहा कि मुझे चक्कर आ रहा है। उसकी हालत गंभीर होता देख उसके पिता इलाज के लिए निजी साधन से पिपराइच एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां डाक्टरों ने किटनाशक पदार्थ खाने की बात बता कर गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज पहुंचते ही डाक्टरों ने शिवांस सिंह को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद उसके परिजन शव को लेकर अहिरौली बाजार थाने पहुंच कर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में अहिरौली बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।