तमकुहीराज। स्थानीय कस्बे के मुख्य बाजार में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क पार करने के दौरान अज्ञात बाइक की चपेट में आने से तमकुहीराज थाना क्षेत्र के कोईन्दी बुजुर्ग निवासी 75 वर्षीय बादामी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बादामी देवी रविवार को बाजार में सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बुजुर्ग महिला को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुहीराज पहुंचाया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रविंद्रनगर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।