कप्तानगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अयोध्या से दो अमृत भारत और छह बंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें यात्रियों को अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। अयोध्या से दरभंगा को जाने वाली अमृत भारत ट्रेन कप्तानगंज जंक्शन से होकर गुजरनेगी। इसे कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
प्रधानमंत्री शनिवार को दिन के 11.30 बजे अयोध्या में दो अमृत भारत एक्सप्रेस और छह बंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड को भी एक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलेगी। यह ट्रेन शनिवार को अयोध्या से चलकर गोरखपुर-कप्तानगंज रेलवे जंक्शन से होकर दरभंगा को जाएगी। इस ट्रेन को कप्तानगंज में सांसद, जनपद के सभी विधायक और रेल महाप्रबंधक हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है।
अमृत भारत एक्सप्रेस जो शनिवार को अयोध्या से दरभंगा तक चलेगी और उसके बाद आनंद विहार टर्मिनल से दरभंगा तक चलेगी, यह सप्ताह में दो दिन चलेगी। दिन का निर्धारण शनिवार को किया जाएगा। -अशोक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी