खड्डा। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को प्रमुख सचिव गन्ना को शिकायती पत्र भेजा है। इसमें जीएचबी चीनी मिल गड़ौरा, महराजगंज पर खड्डा तहसील क्षेत्र के क्रय केंद्रों पर गन्ना उठान में ढिलाई व मूल्य भुगतान में देरी का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है।
गन्न प्रमुख सचिव को भेजे गए पत्र में संघ के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी ने कहा कि गड़ौरा मिल ने सात दिसंबर से पेराई सत्र शुरू किया है। मिल की तरफ से पेराई सत्र चालू होने के बाद से अब तक गन्ना उठान सही तरीके से नहीं की जा रही है। तौल के लिए केंद्रों पर गए गन्ना के तौल होने में आठ से 10 दिन का समय लग रहा है।
इससे गन्ना का वजन कम होने के साथ खेत खाली में काफी समय लग रहा है। इसके चलते किसानों को गेहूं की बुआई करने में परेशानी होती है। मिल की तरफ से खरीदे गए गन्ना का बकाया मूल्य देने में लापरवाही बरती जा रही है। अब तक 13 दिसंबर तक ही गन्ना मूल्य का भुगतान किया है, जिससे किसानों में नाराजगी है।