पिपरा कनक। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के जोगिया बिचली पट्टी गांव में राशन वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। गांव निवासी लालबहादुर कुशवाहा ने उचित दर विक्रेता अजीत राय के खिलाफ संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कोटेदार की दुकान पर दो डिजिटल कांटों का इस्तेमाल किया जाता है। राशन की तौल और वितरण में अनियमितता बरती जाती है। निर्धारित मात्रा में राशन मांगने पर कोटेदार ने देने से मना कर दिया। साथ ही राशन कार्ड बंद कराने की धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।
लालबहादुर कुशवाहा ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ राशन वितरण रजिस्टर, ई-पॉस मशीन के अभिलेख और स्टॉक रजिस्टर का सत्यापन कराने की मांग की है। एसडीएम तमकुहीराज कुणाल गौरव ने बताया कि शिकायत की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद