मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के मोजहिदा गांव में राज्य वित्त योजना के तहत खड़ंजा निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप लग रहा है। ग्रामीणों ने घटिया ईंटों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए शनिवार को बीडीओ से शिकायत की।
ग्रामीणों का आरोप है कि खड़ंजे में ऐसी ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है, जिनकी गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में यदि मजबूत और मानक के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया तो बनने के कुछ ही समय बाद खड़ंजा टूटने और बिखरने लगेगा। गांव के गौतम, प्रमोद, वीरेंद्र, महेश, बुद्धू सहित कई ग्रामीणों ने बीडीओ को भेजी शिकायत में निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के वीडियो और फोटो भी भेजा है। उनका कहना है कि सरकारी धन से कराए जा रहे विकास कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए ताकि सड़क का लंबे समय तक ग्रामीणों को लाभ मिल सके। डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जाएगी। संवाद