सेवरही में गैस के लिए लगी भीड़।संवाद
तमकुहीरोड। जिले में दो महीने से अधिक समय से लाखों घरेलू गैस उपभोक्ता किल्लत से जूझ रहे हैं। शुरुआत में ई-केवाईसी,बुकिंग,डीएसी व पर्ची के झमेले में फंसे रहे है,लेकिन इन्हें पूरा करने के बाद भी उनकी परेशानी कम नहीं हुई है। अब बुकिंग बैकलॉग ज्यादा दिखाकर गैस वितरकों की तरफ से उपभोक्ताओं के साथ मनमानी किए जाने के ममले सामने आ रहे हैं। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से गैस वितरकों की तरफ से किए जा रहे मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है।सेवरही क्षेत्र में इंडेन और एचपी की तीन गैस एजेंसियां संचालित हैं। जहां रविवार को घरेलू गैस के लिए उपभोक्ताओं लंबी कतारें लगी रही। उपभोक्ताओं का आरोप था कि डीएसी मिलने के 10 दिन बाद भी गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही है। उपभोक्ता बृजकिशोर शर्मा,हरेंद्र यादव,ध्रुव निषाद, संदीप गुप्ता ने कहा कि होम डिलीवरी के बावजूद उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। गैस वितरकों की तरफ से मनमर्जी तरीके से गैस सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है। इससे वास्तविक उपभोक्ता को टरकाया जा रहा है।