खड्डा। थाना क्षेत्र के एक गांव दो पक्षों के लोगों ने पुलिस को अलग-अलग तहरीर देकर एक-दूसरे पर छेड़छाड़ और विरोध पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर जब पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि दोनों पक्षों के बीच जमीन का विवाद चला आ रहा है। इस मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि खड्डा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक पक्ष की महिला ने दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने और धमकी देने का आरोप लगाया था। जबकि दूसरे पक्ष की महिला ने दो लोगों के खिलाफ तहरीर देकर छेड़छाड़, मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। दोनों पक्षों की तहरीर लेने के बाद पुलिस ने जब इसकी बारीकी से जांच की तो यह प्रकाश में आया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन का विवाद है और आएदिन दोनों पक्षों में कहासुनी होती रहती है। दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।