ठेकेदार को काली सूची में डालने और प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग, विभाग ने शुरू कराई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। सिंचाई खंड कसया में ऑनलाइन निविदा के दौरान यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की कथित फर्जी रसीद लगाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर जांच कराने और आरोप सही मिलने पर संबंधित ठेकेदार को काली सूची में डालने के साथ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई है।
पिपरा गांव निवासी नरेंद्र कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि एक ठेकेदार ने ऑनलाइन निविदा में यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की फर्जी रसीद लगाई है। शिकायतकर्ता ने इसके साक्ष्य के रूप में रसीद की छायाप्रति भी पत्र के साथ संलग्न की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र की प्रतिलिपि प्रमुख अभियंता, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, मुख्य अभियंता गंडक, मंडलायुक्त गोरखपुर और डीएम को भी भेजी गई है। इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता बुधई राम ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। रसीद फर्जी पाए जाने पर उसे निरस्त किया जाएगा।