पडरौना। कसया थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर देकर मोहल्ले के दो युवकों पर घर में घुसकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
युवती ने बताया है कि शनिवार की शाम वह घर से शाम करीब साढ़े सात बजे बाजार में जा रही थी। मोहल्ले के ही दो युवक अन्य चार लोगों के साथ पहुंच गए और रास्ते में रोककर एक केस के सिलसिले में सुलह-समझौता करने की बात कहने लगे। विरोध करने पर युवकों ने कोलकाता जैसी घटना कारित करने की धमकी दी। जब आरोपियों की बात को अनसुना कर युवती आगे बढ़ी तो वे उसके साथ अश्लील हरकत करने लगे। युवती के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकले।
इस घटना की सूचना पुलिस चौकी पर दी गई। अभी वह इस घटना के सदमे से उबर भी नहीं पाई थी कि आधी रात 12 बजे उसके दरवाजे को खटखटाया जाने लगा। दरवाजा खोलने पर दो युवक जबरदस्ती अंदर घुस गए और दोनों ने दुष्कर्म किया। आरोपियों ने धमकी भी दी कि पुलिस के पास जाने से कोई कार्रवाई नहीं होगी। युवती ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी है।