कुशीनगर। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सेमरा हर्दो गांव में हुए उत्कर्ष हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया था, जिन्हें अब निलंबित करते हुए इनके खिलाफ विभागीय जांच का भी आदेश दिया गया है। इसके अलावा जिले के अलग-अलग थानों और पुलिस लाइंस सहित अन्य जगहों पर तैनात तीन निरीक्षकों, 29 उपनिरीक्षकों सहित 81 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। जिसमें तुर्कपट्टी थाने पर तैनात दारोगा आशीष सिंह भी शामिल हैं उन्हें रीट सेल में भेजा गया है। यह कार्रवाई हाल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की कानून व्यवस्था का पड़ताल करते हुए पुलिस कप्तान को सीएम योगी की तरफ से मिले निर्देश के बाद की गई है।
कार्रवाई के बाद उपनिरीक्षक शनि दुबे को कुबेरस्थान से सर्विलांस भेजा गया है। मनोज सिंह को पुलिस लाइंस से कुबेरस्थान में नवीन तैनाती दी गई है। लोग अब इस बात की भी चर्चा कर रहे हैं कि थानाध्यक्ष कुबेरस्थान अश्वनी राय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।