कसया। कुशीनगर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पूर्वांचल के विकास में मील का पत्थर बनेगा। विकास के प्रत्येक पहलुओं से उपेक्षा का शिकार रहे कुशीनगर में एयरपोर्ट बनने के बाद इसका संचालन शुरू हो जाने पर पर्यटन और औद्योगिक पूंजी निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।
17 अक्टूबर 2017 को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 22 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया था। उन्होंने कहा था कि भगवान राम, भगवान कृष्ण व भगवान बुद्ध के जीवनवृत्त के आधार पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार संकल्पित है। कुशीनगर अपार संभावनाओं का क्षेत्र है। संभवत: इसीलिए भगवान बुद्ध ने इस धरती को अपनी मुक्ति के लिए चुना। यहां एयरपोर्ट का संचालन होने पर पर्यटन से होने वाली आय 10 गुना बढ़ जाने की संभावना है। इसलिए प्रदेश व केंद्र की सरकार उत्तर प्रदेश को पर्यटन हब बनाने के प्रयास मे लगी हुई है।
22 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी (महिला कल्याण परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण, पर्यटन) का काफिला निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचा था। वहां उन्होंने निरीक्षण कर एयरपोर्ट से जुड़ी जानकारी हासिल की थी।
नगर पालिका परिषद कुशीनगर की चेयरमैन साबिरा खातून का कहना है कि एयरपोर्ट चालू होगा तो कुशीनगर के अलावा कसया कस्बे का भाग्योदय हो जाएगा। इसका फायदा नगरपालिका को सीधे मिलने लगेगा। दुकानदारों सहित अन्य तरह के प्रतिष्ठानों का क्रेज बढ़ जाएगा।
गाइड डाक्टर अभय कुमार राय का कहना है कि एयरपोर्ट के शुरू होने से कुशीनगर में टूर-ट्रेवल व्यवसाय के सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व बढ़ोत्तरी होगी। कुशीनगर एयरपोर्ट पर उतरने वाले पर्यटक यहां से ही वाहनों को हायर करेंगे। वहीं दूसरी ओर कुशीनगर में विदेशी पर्यटकों का एराइवल-डिपार्चर होने के कारण एयर टिकटिंग तथा मनी एक्सचेंज सहित गेस्ट हाउस, होटल, रेस्टोरेंट आदि के व्यवसायों में अभूतपूर्व बढ़ोत्तरी होगी।