पडरौना। जिले के वित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में जल्द ही शिक्षकों की कमी दूर होने वाली है। आयोग की ओर से जिले में 29 शिक्षकों को भेजा जा रहा है। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान और कृषि विज्ञान विषय के शिक्षक शामिल हैं। शिक्षकों की तैनाती होने से विद्यालयों में पढ़ाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।जिले में वर्तमान में 55 वित्तपोषित माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इन माध्यमिक विद्यालयों में लंबे समय से कई विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की कमी बनी हुई है। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। अब आयोग की ओर से शिक्षकों का आवंटन किए जाने से विद्यालयों को राहत मिलने की उम्मीद है। विभागीय स्तर पर शिक्षकों के जिले में पहुंचने और विद्यालयों में तैनाती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित विषयों की पढ़ाई सुचारू हो सकेगी। शिक्षकों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को नियमित कक्षाएं मिलने के साथ ही शैक्षिक गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद है। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि आयोग की तरफ हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान और कृषि विज्ञान विषय के 29 शिक्षक आने वाले हैं। उन्हें संबंधित कॉलेज में भेजा जाएगा। इन शिक्षकों के आने के बाद माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा।