कसया। जनपद में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला सेवायोजन कार्यालय और बुद्ध पीजी कालेज कुशीनगर के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह पहल विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
एमओयू के तहत दोनों संस्थाएं संयुक्त रूप से रोजगार मेले, करियर काउंसलिंग और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करेंगी, जिससे विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों की सटीक जानकारी मिल सके। जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा रोजगार मिशन, कौशल विकास योजनाओं और ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली की जानकारी विद्यार्थियों को दी जाएगी और उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
वहीं बुद्ध पीजी कालेज द्वारा विद्यार्थियों के लिए कार्यशालाएं, सेमिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम और करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे उनकी दक्षता और रोजगार क्षमता में वृद्धि हो सके। समझौते के तहत इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप, प्लेसमेंट ड्राइव और उद्यमिता विकास कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। साथ ही कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए दोनों संस्थाएं संसाधनों और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान करेंगी। अधिकारियों ने कहा कि यह समझौता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो विनोद मोहन मिश्र, डा श्वेता भट्ट, डा राकेश चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।