पडरौना। मंगलवार को रात में विरवट कोंहवलिया घाट से बालू लेकर आ रहे सात ट्रक, एक लोडर और एक ट्रैक्टर ट्राली को आंदोलनकारियों ने पकड़ लिया। रात भर पहरेदारी के बाद सुबह गाड़ियों को आंदोलन स्थल पर लाकर खड़ा कर दिया गया। सीओ तमकुहीराज के साथ पहुंची तरयासुजान पुलिस ने सभी वाहन कब्जे में ले लिया।
विरावट कोन्हवालिया गांव के सामने गंडक नदी क्षेत्र में जिला प्रशासन ने बालू घाट का पट्टा किया है। इस पट्टा को निरस्त करने की मांग को लेकर गांव के लिए पिछले 54 दिन से धरना पर बैठे हैं। मंगलवार की रात में धरना स्थल पर सो रहे लोगों ने तरयासुजान पुलिस को अवैध बालू खनन की सूचना दी। इसके बाद लोग खनन क्षेत्र में पहुंचे। वहां हो रहे बालू खनन को लोगों ने रोक दिया। रात में पुलिस नहीं पहुंची तो गांव वाले वहां पहरा करने लगे। सुबह इन गाड़ियों को आंदोलन स्थल के पास लाकर खड़ा कर दिया गया। लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। तरयासुजान पुलिस पकड़ी गई गाड़ियों को थाने ले जाने के लिए पहुंची तो लोग आपत्ति जताने लगे। इसके बाद सीओ तमकुहीराज आरके तिवारी फोर्स लेकर पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया। पुलिस कर्मियों ने लोगों को समझा बुझाकर पकड़े गए वाहनों को अपने कब्जे में लिया और थाने भेज दिया।