फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: शहर के बाद गांव में दूसरे दिन फिर विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने

Wed, 09 Oct 2024 05:08 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पडरौना। रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के भिसवा लाला (गनेशीपट्टी) गांव में शहर के बाद दूसरे दिन मंगलवार को भी दोनों पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के एक युवक ने दूसरे युवक की पिटाई कर दी। इससे माहौल फिर गरमा गया। सूचना पर आई पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने चली गई। जबकि दूसरे युवक को गांव के लोग मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए हैं। मौजूदा समय में गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में एक एसआई और दो कांस्टेबल की तैनाती कर दी गई है। पूजा पंडाल के पास ही पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो सके।
विज्ञापन

सोमवार की घटना के बाद मंगलवार की सुबह भिसवा लाला (गनेशीपट्टी) गांव में सब कुछ ठीक रहा। दुर्गा पूजा पंडाल के आयोजक तैयारियों में जुटे थे। दोनों पक्षों के लोग भी अपने जरूरी कार्य निपटा रहे थे। दिन चढ़ा तो फिर माहौल बिगड़ गया और गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। दिन के करीब 11 बजे गांव निवासी नबी और पवन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इसी दौरान नबी ने पवन को थप्पड़ जड़ दिया और उसकी पिटाई करने लगा। गांव वालों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया और इसकी सूचना रविंद्रनगर धूस थाने की पुलिस को दी।
सूचना पर आई पुलिस ने आरोपी युवक नबी को हिरासत में ले लिया और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक एसआई और दो कांस्टेबलों की तैनाती कर दी गई। इधर, पिटाई से चोटिल पवन को गांव के लोग मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे और वहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
विज्ञापन

0
खंडित प्रतिमा को हटाया गया, प्रशासन ने दिलाई दूसरी प्रतिमा :
पथराव के दौरान खंडित हुई मां दुर्गा की प्रतिमा को बदलने की मांग को प्रशासन ने पूरा कर दिया है। खंडित प्रतिमा को हटाकर अब दूसरी प्रतिमा पंडाल में स्थापित की गई है। गांव के लोगों का कहना था कि खंडित प्रतिमा का पूजन-अर्चन नहीं किया जाता है। इसलिए वे लोग प्रशासन से खंडित प्रतिमा की जगह दूसरी प्रतिमा दिलाने की मांग कर रहे थे। प्रशासनिक अफसरों ने इस मामले में संजीदगी दिखाते हुए खंडित प्रतिमा को बदल दिया है। इससे वे लोग संतुष्ट हैं।
0
घटनास्थल पर दिखें सिर्फ पुलिसकर्मी, घरों के आगे पसरा रहा सन्नाटा :
शहर के छावनी में सोमवार को जिस जगह पर दुर्गा प्रतिमा पर पथराव और युवकों की पिटाई की गई थी, उस घटनास्थल पर मंगलवार को सिर्फ पुलिसकर्मी की नजर आए। घरों के आगे सन्नाटा पसरा हुआ था। घरों के आगे के हिस्से में बनी दुकानें बंद रहीं। कई घरों को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि परिवार के लोग ताला बंद कर या तो घर के अंदर हैं या फिर वे दूसरी जगह जा चुके हैं। तहसील गेट से लेकर घटनास्थल के आगे करीब 100 मीटर के दायरे में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। छावनी तहसील गेट पर आमतौर पर हर दिन सुबह से लेकर शाम तक भीड़ देखने को मिलती है, लेकिन घटना के बाद मंगलवार की सुबह चाय-पान की दुकानों पर भी लोगों की संख्या कम रही। चाय की दुकान चलाने वाले योगेंद्र, विशाल और रंजीत खरवार का कहना है कि सुबह छह बजे के बाद से ही उनकी दुकान पर लोगों की भीड़ जुटने लगती है, लेकिन मंगलवार को चाय के लिए अन्य दिनों की अपेक्षा कम संख्या में ही लोग आये थे। वहीं, पान की दुकान चलाने वाले अर्जुन का कहना था कि कई लोग सुबह-सुबह ही पान के लिए दुकान पर पहुंचते हैं। मंगलवार को ग्राहकों की संख्या कम रही। सोमवार को हुई घटना के कारण ही कई लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं।
0
नौ घायलों के इलाज का भाजपा नेता ने उठाया जिम्मा :
भिसवा लाला (गनेशीपट्टी) गांव के रहने वाले 12 से अधिक युवक व किशोर पथराव के दौरान चोटिल हुए थे। इसमें से नौ युवक व किशोर गंभीर रुप से घायल हैं। मंगलवार को गांव पहुंचे भाजपा नेता नीरज सिंह बिट्टू ने दुर्गा पूजा पंडाल में चल रही तैयारियों का जायजा लिया और इसके बाद वे घायलों के घर पहुंचे। उनकी कुशलक्षेम जानने के बाद भाजपा नेता ने कहा कि मामले में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने गंभीर रुप से घायल अभिषेक (15), रोहित चौहान (18), संदीप (16), आकाश (13), विकास (27) और रामलखन (15) समेत नौ घायलों के इलाज का जिम्मा उठाया। कहा कि इन सभी का वह खुद इलाज कराएंगे और जो भी खर्च आएगा, उसे वह वहन करेंगे।
0
देवरिया विधायक के पोस्ट के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी आगे आये :
दुर्गा प्रतिमा पर पथराव और युवकों की पिटाई के मामले में देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने सोशल मीडिया के एक्स और फेसबुक पर पोस्ट कर घटना की निंदा की। उन्होंने अपने पोस्ट के जरिए कहा कि छावनी में दुर्गा प्रतिमा ले जा रहे मां के भक्तों पर हमला कर प्रतिमा को खंडित करना कत्तई अस्वीकार्य है। दोषियों को इस गुनाह की ऐसी सजा भुगतनी पड़ेगी कि उनकी सात पीढि़या भी दोबारा ऐसा करने का दुस्साहस नहीं कर पाएंगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से प्रकरण में बातचीत किए जाने की भी बात कही है। उनके इस पोस्ट के बाद कुशीनगर जिले के जनप्रतिनिधि भी आगे आ गए हैं। सुबह-सुबह ही सदर विधायक मनीष जायसवाल मंटू गांव में पहुंच गए। इसके बाद भाजपा नेता रितिक सिंह गौतम, सूर्यप्रकाश शुक्ल चिंटू, नीरज सिंह बिट्टू भी गांव में पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे नगरपालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल भी कार्यकर्ताओं के साथ भिसवा लाला (गनेशीपट्टी) पहुंचे। सभी ने एक स्वर से दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया और गांव वालों की हर संभव मदद करने की बात कही।
0
शहर से लेकर गांव तक पुलिस नजर रख रही है। उपद्रवियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। अन्य आरोपियों को चिह्नित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है। आवश्यकता अनुसार पुलिस बल को विभिन्न जगहों पर तैनात कर दिया गया है। -संतोष कुमार मिश्रा, एसपी-कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें