कसया। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर कासगंज की महिला अधिवक्ता मोहिनी तोमर की नृशंस हत्या के विरोध में शनिवार को दीवानी न्यायालय कसया के अधिवक्ताओं ने नगर में जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने सीएम योगी आदित्यनाथ को संबोधित मांगों का ज्ञापन एसडीएम कसया को सौंपा।
कुशीनगर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन कसया के अध्यक्ष अरविंद कुमार पाठक व महामंत्री ज्ञान प्रकाश द्विवेदी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय कसया से बाइक जुलूस के साथ गांधी चौक स्थित तहसील न्यायालय गए, जहां एसडीएम कसया परितोष मिश्रा को ज्ञापन देते हुए उसे मुख्यमंत्री को भेजने की बात कही। संघ की ओर से दिए गए ज्ञापन में समस्त न्यायिक कार्यों से विरत रहते हुए अधिवक्ताओं ने महिला अधिवक्ता के हत्यारों की गिरफ्तारी, उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये नकद आर्थिक सहायता देने, प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने व मृतक अधिवक्ता के आश्रितों के परिवार के किसी एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग प्रमुख रही। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष रविंद्र मणि, ओंकार नाथ पांडेय, राकेश तिवारी, अशोक राय, रमेश वर्मा ,अरविंद दुबे, गिरीश चंद्र राय ,अनुराग द्विवेदी, विपिन तिवारी, सुमित नाथ त्रिपाठी, परवेज आलम, अनिल त्रिपाठी, संजय सिंह बघेल, सोहराब अंसारी, वशिष्ठ सिंह, महेश मिश्रा, दुर्गेश सिंह, जयप्रकाश नारायण शाही, अजीत रावत, पूर्व अध्यक्ष तहसील कसया, नागेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।