शुक्रवार से बेमियादी धरना शुरू करने की चेतावनी दी
अमर उजाला ब्यूरो
कप्तानगंज। तहसीलदार द्वारा थाने में कोर्ट लगाए जाने से नाराज कप्तानगंज तहसील के अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्य नहीं किया। तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। वकीलों ने शुक्रवार से बेमियादी धरने की भी चेतावनी दी है।
कप्तानगंज तहसील के अधिवक्ताओं ने तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र और मंत्री ज्ञान प्रकाश पांडेय की मौजूदगी में बृहस्पतिवार सुबह बैठक की। इसमें अधिवक्ताओं ने तहसीलदार की तरफ से बृहस्पतिवार को थाने में तहसीलदार कोर्ट लगाए जाने का विरोध किया।
तहसीलदार की कोर्ट में बृहस्पतिवार को नौ मामलों से चार का मौके पर निस्तारण हुआ। दो की सुनवाई के बाद फाइलें सुरक्षित रख ली गईं।
तहसीलदार अहमद फरीद खान ने बताया कि उच्च न्यायालय और डीएम के निर्देश पर मुकदमों के शीघ्र निस्तारण के लिए थाने में कोर्ट लगाकर न्याय दिलाने का आदेश दिया गया है। चूंकि अधिवक्ताओं द्वारा आए दिन विरोध के चलते न्याय देने में दिक्कत आती है। इस दौरान अधिवक्ता तेज बहादुर मिश्र, राम प्रताप सिंह, जय प्रकाश पांडेय, परमहंस कुमार, दिनेश कुमार राव, अरुण कुमार सिंह, नंदलाल प्रसाद, महेंद्र गुप्ता, संजय पांडेय, संजय सिंह, संजय मिश्र, राधेश्याम, सुग्रीव सिंह, बृजेश कुमार, दीनानाथ शर्मा, लाल बहादुर शास्त्री, अशोक मणि, देवेंद्र लाल श्रीवास्तव, राजनंदन लाल श्रीवास्तव सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद थे।