कंटेनमेंट जोन काटी गांव के बाहर जायजा लेते एसडीएम ।
- फोटो : KUSHINAGAR
मेडिकल कॉलेज में भर्ती पड़री गांव का युवक मिला कोरोना पॉजिटिव
पडरौना(कुशीनगर)। सुकरौली क्षेत्र के कंटेनमेंट जोन घोषित पड़री गांव का 32 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसका पहले से ही बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर में इलाज चल रहा है। इस गांव के 27 लोगों के भेजे गए सैंपल में इसकी रिपोर्ट शनिवार को मिली।
14 मई को पड़री गांव के 25 लोग मुंबई से ट्रक से लौटे थे। उनमें शामिल 75 वर्षीय बुजुर्ग की बीते रविवार को सेवरही के आइसोलेशन सेंटर में मौत हो गई थी। उनके परिवार के सदस्यों समेत गांव के 27 लोगों का सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए बीआरडी मेडिकल कालेज भेजा गया था। 19 मई को मृत व्यक्ति के परिवार से संबंधित युवक को सेवरही के आइसोलेशन सेंटर से मेडिकल कालेज रेफर किया गया था। डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि शनिवार को मेडिकल कालेज में भर्ती इस 32 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गांव पहले से ही कंटेनमेंट जोन घोषित है। सफाई, सैनिटाइजेशन समेत अन्य जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। गांव के लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, घर में रहने व मास्क पहनने की सलाह दी जा रही है।