कुशीनगर। पथरी का ऑपरेशन करने के बहाने अस्पताल संचालक ने नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के रामपुर गांव के उपाध्याय टोला निवासी अलाउद्दीन (35) की किडनी ही निकाल ली। हालत बिगड़ने पर अलाउद्दीन दूसरे डॉक्टर के यहां गया तब उसे इसका पता चला। इसके बाद पीड़ित ने कोटवा बाजार के न्यू लाइफ केयर हॉस्पिटल के संचालक इमामुद्दीन समेत दो के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फरार हैं।
अलाउद्दीन पेट में दर्द होने पर 4 अप्रैल को महराजगंज जिले के एक निजी अस्पताल में गया। वहां अल्ट्रासाउंड में किडनी में पथरी का पता चला। डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी। पैसों का इंतजाम करने की बात कह कर अलाउद्दीन घर आ गया। इस दौरान उसकी मुलाकात तार मुहम्मद से हुई, जो कोटवा बाजार स्थित न्यू लाइफ केयर हॉस्पिटल में काम करता है। तार ने उसे बताया कि अस्पताल में बाहर से सर्जन आते हैं। वहां कम पैसे में बेहतर ऑपरेशन हो जाएगा। इसकी बातों में आकर अलाउद्दीन 13 अप्रैल को हॉस्पिटल चला गया। उसी दिन उसे भर्ती कर लिया गया। अलाउद्दीन के अनुसार, 14 अप्रैल की रात में ऑपरेशन के लिए कोई बाहरी सर्जन नहीं आया, बल्कि अस्पताल संचालक इमामुद्दीन और तार मोहम्मद ने ही ऑपरेशन कर दिया।
ऑपरेशन के बाद से उसकी तबीयत दिन बाद दिन खराब होने लगी। तब उसने दूसरे डॉक्टर को दिखाया, वहां पता चला कि उसकी बाईं किडनी निकाल ली गई है। स्वस्थ होने के बाद अलाउद्दीन ने एसपी संतोष मिश्रा को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी ने पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश दिया। उसके बाद पुलिस ने इमामुद्दीन और तार मुहम्मद पर केस दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल का रजिस्ट्रेशन भी नहीं है। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।