चौथे चरण में दाखिले के लिए आवेदन एक से
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। आरटीई के तहत अलाभित समूह एवं दुर्बल वर्ग के बच्चों के नामांकन अभिभावकों के बच्चों का प्राइवेट स्कूलों में नामांकन के लिए शासन की तरफ से चौथे चरण की शुरुआत की गई है। एक अगस्त से 10 अगस्त तक अभिभावक आवेदन कर सकते हैं। इस शिक्षण सत्र में आरटीई के तहत अब तक 819 से अधिक बच्चों का नामांकन हुआ है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्या ने बताया कि पहले चरण में 347 छात्रों को स्कूल आवंटित किए गए थे। इनमें से 180 छात्रों ने प्रवेश लिया। दूसरे चरण में 346 छात्रों को स्कूल आवंटित किए गए थे। तृतीय चरण में कुल 566 छात्रों ने आवेदन किए, जिसमें से 293 छात्रों को स्कूल आवंटन किया है। इस तरह अब तक आवेदन किए कुल 1480 छात्रों में से 819 छात्रों को स्कूल आवंटन किया गया है। जबकि पिछले वर्ष महज तीन सौ छात्रों का आरटीई के तहत नामांकन हो सका था।
शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत आर्थिक कमजोर परिवार के बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलाने के लिए चौथे चरण की शुरुआत एक अगस्त से होगी। बीएसए ने बताया कि इच्छुक अभिभावक एक से दस अगस्त के बीच पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 11 से 19 अगस्त के बीच इन आवेदनों का सत्यापन कराया जाएगा। 21 अगस्त को चौथे चरण के लिए लॉटरी का ड्रॉ निकाला जाएगा। चयनित बच्चों को दाखिला कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। इससे पहले 26 जून को तृतीय चरण की ऑनलाइन लाटरी के माध्यम से स्कूल आवंटन की प्रक्रिया हुई थी।