विस्थापितों को कसाडा चौक के पास बसाएगा प्रशासन
कसया (कुशीनगर)। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के विस्तारीकरण की जद में पड़ने वाले भलुही मदारीपट्टी के 48 व बेलवा दुर्गाराय गांव के 26 भवन स्वामियों के साथ रविवार को प्रशासन की बैठक तहसील सभागार में हुई। प्रभावित भवन स्वामियों को दूसरी जगह भूमि देने का प्रस्ताव रखा गया। प्रस्ताव पर चर्चा के बाद इस पर सहमति बनी की कसाडा कार्यालय के नजदीक खाली पड़ी जमीन में इन लोगों को घर बनाने के लिए भूमि दी जाएगी। इस प्रस्ताव में भूमिधरी के अलावा बंजर भूमि पर भी बने भवन के स्वामियों को जमीन दी जाएगी।
हवाई अड्डा विस्तारीकरण में अभी 34 एकड़ जमीन की आवश्यकता है। इस जमीन के दायरे में दो गांव भलुुही मदारीपट्टी व बेलवा दुर्गा राय के 74 भवन भी पड़ रहे हैं। रविवार को तहसील सभागार में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा, अपर एसडीएम हाटा राकेश कुमार सिंह और न्यायिक तहसीलदार पडरौना मांधाता सिंह के साथ दोनों गांवों के प्रभावित भवन स्वामियों की बैठक हुई। प्रभावितों को प्रशासन ने दिए गए भूखंडों को कागजों पर दिखाया। प्रशासन का कहना है कि इस मुद्दे पर दो तिहाई प्रभावित भवन स्वामियों ने सहमति जताई। यह तय हुआ कि इन भवन स्वामियों को वर्तमान जमीन के क्षेत्रफल से 30 प्रतिशत क्षेत्र बढ़ाकर जमीन दी जाएगी। इन दोनों गांवों के जो भवन बंजर की जमीन में बने हैं, उनको भी इसका लाभ मिलेगा। बढ़ी हुई 30 प्रतिशत जमीन में जलनिकासी के लिए नाली, रास्ता, विद्युत पोल आदि की व्यवस्था होगी।
बैठक में प्रशासन व भवन स्वामियों में यह भी सहमति बनी कि कसाडा के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन बैरिया चौराहे के पूर्व नागरिक उड्डयन विभाग की एक एकड़ जमीन में बेलवा दुर्गा राय व पश्चिम तरफ स्थित जमीन में भलुही मदारी पट्टी के भवन स्वामियों को विस्थापित किया जाएगा।
इस बैठक में लेखपाल हरिशंकर सिंह, ब्रजेश मणि त्रिपाठी, मदन यादव, सुनील कुशवाहा व प्रभावित भवन स्वामियों में राकेश धर दिवेदी, बैद्यनाथ दूबे, रमाशंकर दूबे, ओमप्रकाश दूबे, जगलाल प्रजापति, सुखल गोंड, वरुण लाल श्रीवास्तव, चंद्रभूषण मिश्र आदि मौजूद थे। इस संबंध में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कसया पूर्ण बोरा ने बताया कि भलुही मदारीपट्टी व बेलवा दुर्गा राय के प्रभावित भवन स्वामियों के बीच वार्ता हुई है। बैरिया चौराहे के पास उन्हें भवन निर्माण के लिए जमीन आवंटित की जाएगी।