गंगुआ बाजार। एसडीएम तमकुहीराज की अगुवाई में बुधवार को नगर पंचायत प्रशासन द्वारा कस्बे के मुख्य मार्ग किनारे ठेला, खोमचा एवं गुमटी के माध्यम से व्यवसाय करने वाले पटरी व्यापारियों के अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नपा प्रशासन ने अतिक्रमण तोड़कर स्थान खाली कराया। प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर अवैध अतिक्रमणकारी दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही।
एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्र की अगुवाई में नगर पंचायत प्रशासन द्वारा तमकुही-सेवरही मुख्य मार्ग किनारे पटरी दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासनिक टीम ने इस कारवाई के दौरान कस्बे के ओवरब्रिज चौराहे से लेकर पुराने नपा कार्यालय तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। पटरी दुकानदार नपा प्रशासन पर पक्षपात पूर्ण कारवाई करने का आरोप लगा रहे थे। पटरी दुकानदारों के विरोध पर मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल के सहयोग से ओवर ब्रिज चौराहे से लेकर पुराने नपा कार्यालय तक सड़क पर ठेला खोमचा एवं गुमटी पटरी व्यापारियों की दुकानों को हटा दिया गया। प्रशासनिक टीम की इस कारवाई से अवैध अतिक्रमण कारी पटरी दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। इस दौरान ईओ उत्तम वर्मा, कुंदन पाण्डेय, परशुराम, निक्कू सिंह, राहुल प्रसाद, उपेन्द्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।