पडरौना। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए 27 से 29 मई तक दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, छह जोनल मजिस्ट्रेट तथा 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। ये अधिकारी अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर कानून व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
सभी तैनात अधिकारियों को स्थानीय पुलिस और थाना प्रभारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गय हैं। धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। डीएम ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही धारा 163 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। डीएम ने बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के माहौल में मनाने तथा किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की है।
कलक्ट्रेट में बना कंट्रोल रूम
-पर्व के दौरान निगरानी और त्वरित समन्वय के लिए कलक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 05564-240090 है। कंट्रोल रूम में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो लगातार हालात पर नजर रखेंगे।