महापरिनिर्वाण मंदिर में इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कांक्लेव के लिए लग रहे टेंट। संवाद
कसया। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थली कुशीनगर में प्रस्तावित तीन दिवसीय इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बुद्ध नगरी में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
महापरिनिर्वाण मंदिर परिसर, रामाभार स्तूप के समीप स्थित कृषि विश्वविद्यालय परिसर तथा शांति उपवन में कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इन स्थलों पर मंच, पंडाल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं तेजी से की जा रही हैं। महापरिनिर्वाण मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए विशेष पंडाल लगाए जा रहे हैं। नगरपालिका परिषद कुशीनगर की ओर से जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, अधूरी नालियों का निर्माण पूरा करने और शहर को आकर्षक बनाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। तैयारियों की मॉनिटरिंग के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके का निरीक्षण कर रहे हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। इसी क्रम में अधिशासी अधिकारी अंकिता शुक्ला ने संबंधित कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
वहीं, बुद्ध मंदिरों और विभिन्न मॉनेस्ट्री से जुड़े लोग भी अन्य देशों से बौद्ध श्रद्धालुओं को आमंत्रित करने में जुटे हुए हैं, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को भव्य और सफल बनाया जा सके।
महापरिनिर्वाण मंदिर में इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कांक्लेव के लिए लग रहे टेंट। संवाद