आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन तैयार
पडरौना। जिला प्रशासन अब आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह कमर कस लिया है। बाहर से आने वाले लोगों को एक जगह रखकर क्वारंटीन करने के लिए जिला प्रशासन ने छह केंद्र बनाए हैं, जहां इन्हें 14 दिनों तक रखा जाएगा। इसके अलावा कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां कोरोना संक्रमण से जुड़ी सूचनाओं का आदान प्रदान किया जाएगा।
पडरौना नगर में रेलवे ढाला के पास पुराने पूर्वांचल बैंक के खाली हुए भवन में सेफ आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। सीडीओ आनंद कुमार ने इसका निरीक्षण कर व्यवस्था की जानकारी ली। एडीएम विंध्यवासिनी राय ने बताया कि जनपद की सभी छह तहसीलों में सामुदायिक किचन बनाने के साथ ही अब वहां क्वारंटीन सेंटर भी बनाने का आदेश दिया गया है। बाहर से आने वाले व्यक्तियों को इन स्थानों पर 14 दिनों तक रखा जाएगा। अगर उनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं मिलते हैं तो उसके बाद उनके बारे में आगे का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले व्यक्तियों की संख्या जिले में तेजी से बढ़ रही है। इसे देखते हुए प्रशासन से सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका नंबर 05564240590 है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि इस टेलीफोन नंबर पर किसी भी तरह की आपात स्थिति की सूचना तत्काल दें, ताकि समय पर रहते आवश्यक कदम उठाया जा सके।
हाटा प्रतिनिधि के अनुसार नगर के श्रीगांधी स्मारक इंटर कॉलेज का डीएम भूपेंद्र एस चौधरी, एसपी विनोद कुमार मिश्र और एसडीएम प्रमोद कुमार तिवारी ने सोमवार को निरीक्षण किया। डीएम ने विद्यालय को सेफहाउस बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद की सीमा में आने वाले लोगों और लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को 15 दिनों तक यहां रखा जाए, जिससे संक्रमण के खतरे से बचाव हो सके। डीएम ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान काफी लोग दूसरे राज्यों से आ रहे हैं। उन्हें गोरखपुर और कुशीनगर की सीमा पर रोककर उन्हें इन सेफहाउस में 15 दिनों तक रखा जाएगा। इसके लिए स्थानीय प्रशासन को उनके भोजन और चिकित्सीय सुविधाओं की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है।
सेवरही प्रतिनिधि के अनुसार तमकुहीराज के एसडीएम अनवर फारूकी ने बताया कि क्षेत्र के विद्यावती देवी महाविद्यालय, किसान पीजी कालेज सेवरही और लोकमान्य इंटर कालेज सेवरही में बाहर से आने वाले लोगों को रखने का इंतजाम किया गया है। उन्होंने बताया कि इन सेंटरों पर रहने खाने का उचित इंतजाम रहेगा। संदिग्ध मरीजों का वहां से उपचार कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की देखरेख में संचालित किया जा रहा है।
लक्ष्मीगंज प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र में पांच स्थानों पर सेल्फ आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। पगार गांव स्थित क्रिसेंट पब्लिक स्कूल, दुर्गा इंटर कॉलेज खोटही, अहिरौली कुसुम्ही रामकोला स्थित शिवदुलारी देवी दलडपट शाही महिला महाविद्यालय, श्री गंगाबक्स इंटर कॉलेज कप्तानगंज और कप्तानगंज के ही वार्ड नंबर 16 के हरिहरनाथ दक्षिणी स्थित धर्मशाला को सेल्फ आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसके अलावा कप्तानगंज नगर पंचायत को कम्यूनिटी किचन के लिए चयनित किया गया है। एसडीएम अरविंद कुमार ने बताया कि इन वार्डों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।