- एडीएम ने किया बौद्ध मॉनेस्ट्री का निरीक्षण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त करने को कहा
कसया। इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव की तैयारियों को लेकर बुधवार को कुशीनगर में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। एडीएम वैभव मिश्रा ने पथिक निवास में समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में देश-विदेश से आने वाले बौद्ध भिक्षुओं एवं श्रद्धालुओं के ठहरने, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। एडीएम ने बुद्ध म्यांमार मंदिर, जापानी मंदिर, श्रीलंका मंदिर और भदंत विद्या विहार पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को प्राथमिकता से दुरुस्त करने को कहा।
एडीएम ने निर्देश दिया कि अतिथियों के ठहराव के लिए बौद्ध विहारों, धर्मशालाओं के साथ-साथ निजी होटलों को भी रिजर्व रखा जाए ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रस्तावित इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव 31 मार्च से 2 अप्रैल के बीच आयोजित होने की संभावना है, जिसमें विभिन्न देशों से बड़ी संख्या में बौद्ध भिक्षु और श्रद्धालु शामिल होंगे। इसे देखते हुए सभी विभागों को सतर्क रहकर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, बुद्ध नगरी में साफ सफाई और सड़क के किनारे से अतिक्रमण हटाया जा रहा हैं। इस दौरान तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नगरपालिका ईओ अंकिता शुक्ला, पर्यटन सूचना अधिकारी प्राण रंजन, भंते रूपाली, बृजेश मणि त्रिपाठी, नीलेश राव, शैलेंद्र दुबे सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।