पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन कर उनके विभाग की प्रगति ठीक करने के निर्देश दिया गया। डीएम ने अधिकारियों को चेताया कि कार्याे के संचालन एवं क्रियान्वयन में लापरवाही के कारण सीएम डैश-बोर्ड पर खराब रैकिंग हुई को उसे बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान डीएम ने पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन योजना की विस्तार से जानकारी ली। इसमें लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कार्यों में सुधार लाने का निर्देश दिए। फैमिली आईडी बनाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि कोटेदारों से संपर्क कर फैमिली आईडी बनाने का लक्ष्य पूरा करें। फैमिली आईडी बनने से राशन कार्ड बनवाना आसान होगा। इसके बाद उन्होंने नई सड़कों के निर्माण, पर्यटन विभाग, ऋण वितरण वसूली, स्वास्थ्य विभाग की तरफ से संचालित विभिन्न परियोजनाएं, ई - ऑफिस प्रणाली, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग जन पेंशन, किसान सम्मान निधि, पीएम जन आरोग्य योजना, सामुहिक विवाह आदि योजनाओं की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी प्रत्येक दशा में योजनाओं के संचालन में समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। लोगों की शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराए। योजनाओं को लक्ष्य के सापेक्ष समय पर पूरा करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी, डीएफओ वरूण कुमार, डीएसओ कृष्ण कुमार त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्रवण कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग अभय सुमन, उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रामाशंकर यादव आदि मौजूद रहे।