पडरौना। बाइक के साइलेंसर से पटाखे की आवाज निकालने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक जिले में परिवहन विभाग की तरफ से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान इस तरह के वाहनों पर कार्रवाई करते हुए वाहनों के जब्तीकरण के साथ जुर्माने की कार्रवाई होगी।
पटाखे जैसी आवाज करने वाले साइलेंसर लगाना मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है। ऐसे साइलेंसर से अत्यधिक शोर होता है, जिससे धुआं और आवाज अधिक होती है। साइलेंसर को मोडिफाई करने से वाहन की वारंटी और इंश्योरेंस को भी समाप्त किया जा सकता है। वाहन चालकों की यह लापरवाही उन पर भारी पड़ने वाली है। एआरटीओ मोहम्मद आजमी ने बताया कि बाइक के साइलेंसर से ‘पटाखा’ जैसी तेज आवाज निकालने वाले और अवैध मॉडिफिकेशन कराने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक जिले में विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ ध्वनि प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा ऐसे वाहनों को मौके पर ही जब्त भी किया जाएगा।