पडरौना। बिना पंजीकरण मीट और मछली का कारोबार करने वालों के खिलाफ शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की। खड्डा एसडीएम के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी की अगुवाई में खाद्य टीम ने बिना पंजीकरण के संचालित दुकानों पर कार्रवाई की।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश कुमार राय की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम बुझावन चौहान ने खड्डा के शास्त्रीनगर में दुकानों का निरीक्षण किया। शाहनी फिश ट्रेडिंग कंपनी में मछली का कारोबार होता मिला। क्यामुद्दीन और आफताब की चिकन की तथा नसीर की मीट की दुकान में स्वच्छता और रखरखाव की व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं मिली। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता मानकों का पालन करने और नियमानुसार पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। टीम की कार्रवाई से मीट-मछली कारोबारियों में खलबली मची रही। संवाद