सपहा। गर्भपात कराने से इन्कार करने पर महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला का कहना है कि मारपीट के बाद उसे रक्तस्राव होने लगा और गर्भपात हो गया। महिला एसपी से मिलकर शिकायत की। एसपी के आदेश पर पति, ससुर और सास पर प्राथमिकी दर्ज की है।
कसया थाना क्षेत्र के पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर निवासी शाहीन परवीन का कहना कि उसकी शादी 21 दिसंबर 2017 को विशुनपुरा थाना क्षेत्र के सोहनरिया निवासी फारुख अंसारी के साथ हुई थी। आरोप है कि गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद पति फारुख अंसारी, सास शकिला बेगम और ससुर सगीर अली अंसारी गर्भपात के लिए दबाव बनाने लगे। उसने इन्कार किया तो 23 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे पति और सास ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि सास ने पीछे से पकड़ लिया और पति ने पेट में लात से वार किया। इसके अलावा लाठी-डंडे से भी पीटा गया। इससे पेट में तेज दर्द हुआ और वह जमीन पर गिरकर छटपटाने लगी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल भी तोड़ दिया गया। पीड़िता महिला का आरोप है कि घटना के बाद घर में ही उसकी हालत बिगड़ती रही और रक्तस्राव होने लगा। अगले दिन ससुराल के लोग उसे वाहन से कसया स्थित मायके छोड़ गए। आरोप है कि इस दौरान दोबारा ससुराल आने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस तीनों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय ने बताया कि विवेचना की जा रही है।