खड्डा रेलवे स्टेशन के पास हुई घटना, अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। सत्याग्रह एक्सप्रेस से विहार जा रहे दो यात्रियों को खड्डा रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन की बोगी से धक्का मार नीचे गिराने का आरोप लगा है। इससे दोनों यात्री घायल हो गए। यात्रियों का सामान सहित बैग ट्रेन में छूट गया। दोनों ने जीआरपी पनियहवा को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर आनंद विहार से रक्सौल जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस मंगलवार की दोपहर में खड्डा स्टेशन पहुंची। ट्रेन में यात्रा कर रहे बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के थाना शिकारपुर के ओदरवां गांव निवासी 30 वर्षीय कैसुल आजम व थाना बसंतपुर के साठी गांव निवासी 32 वर्षीय भुटेली ट्रेन उतरकर पानी भरने लगे। इसी बीच ट्रेन चल दी। दोनों दौड़कर एक बोगी में चढ़ गए। घायल यात्रियों का आरोप है कि ट्रेन ने गति पकड़ी, तभी बोगी में सवार दूसरे यात्रियों ने दोनों को लात से मारकर ट्रेन से नीचे धकेल दिया। दोनों पूर्वी समपार फाटक के पहले गिरकर घायल हो गए। दोनों का सामान ट्रेन में चला गया। घायल अवस्था में दोनों का इलाज खडडा में प्राइवेट अस्पताल में कराया गया है। गनीमत रहा कि गंभीर चोट नहीं लगी। दोनों यात्रियो ने जीआरपी पनियहवा व रेलवे हेल्प लाइन पर फोन कर मदद मांगी।
इस संबंध में जीआरपी पनियहवा के चौकी इंचार्ज विजय शंकर ने बताया कि सूचना मिलने पर बगहा आरपीएफ को सूचना देकर घटना व यात्रियों के सामान की जानकारी दे दी गयी है।यात्री तहरीर देते हैं तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।