पटहेरवा। पटहेरवा थाना क्षेत्र के नरहवा की महिला ने गांव के ही आठ लोगों पर जमीन विवाद में घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नरहवा गांव की विद्यावती देवी ने तहरीर में बताया है कि 13 जुलाई की सुबह दूधनाथ, सिकंदर, अर्जुन, राजमति आदि ने गोलबंद होकर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी देते हुए घर मेंं घुस गए। आरोप है कि ये सभी लोग लाठी-डंडे और तलवार से लैस थे। महिलाओं से अभद्रता करते हुए अमरजीत के सिर पर चाकू से हमला कर दिया। अमरजीत अचेत होकर गिर गए। उसे बचाने गए पृथ्वीनाथ पर भी आरोपियों ने तलवार से हमला कर दिया। पृथ्वीनाथ भी बेहोश होकर गिर पड़े।
तहरीर में महिला ने बताया है कि घटना देख शोर मचा रही पृथ्वीनाथ की बेटी पुनीता और पुत्र राजू समेत पीड़िता पर भी आरोपियों ने हत्या की नीयत से हमला कर दिया। पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, धमकी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर राकेश रोशन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।