पटहेरवा/उजारनाथ। पटहेरवा थाना क्षेत्र के फाजिलनगर कस्बा के बघौचघाट मोड़ से पुलिस ने चोरी की साइकिल के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर से चोरी की और 13 साइकिलें बरामद की है। पुलिस बरामद साइकिल को कब्जे में लेकर गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया, जहां कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह और एसआई रविभूषण राय फाजिलनगर कस्बा में गश्त पर थे। उसी दौरान एक युवक साइकिल से आते दिखा। पुलिस को देख वह वहीं साइकिल छोड़ कर भागने लगा।संदेह होने पर पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी युवक ने बताया कि यह साइकिल चोरी की है। उसके निशानदेही पर आरोपी के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के दहारी पट्टी स्थित उसके घर से चोरी की कुल और 13 साइकिल बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नसरुद्दीन के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार चोर के विरुद्ध केस दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है। न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।