संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पिपराइच-हाटा मार्ग स्थित बरवा बाबू गांव के पास शनिवार की सुबह करीब 11 बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। मौजूद लोगों ने घायलों के परिजन और पुलिस को इसकी सूचना दी। वहां पहुंचे परिजन घायलों को गोरखपुर स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए। बाइक चालक हेलमेट पहना था।
थाना क्षेत्र के गांव बेंदुआर निवासी सतीश सिंह 28 वर्ष बाइक पर रागिनी सिंह 35 वर्ष को लेकर पिपराइच की तरफ से घर जा रहे थे। अभी वे पिपराइच-हाटा मार्ग स्थित बरवा बाबू गांव के पास पहुंचे ही थे कि हाटा की तरफ से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। इससे बाइक पर सवार सतीश सिंह और रागिनी सिंह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, चालक दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर फरार हो गया। मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन और पुलिस ने घायलों को गोरखपुर एक निजी अस्पताल भेजवाया, जहां इलाज चल रहा है। अहिरौली बाजार थाने के एसआई राहुल कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। परिजन गोरखपुर एक प्राइवेट अस्पताल में घायलों का इलाज करा रहे हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।