तुर्कपट्टी। तुर्कपट्टी के लाला गुरवलिया चौराहे पर शुक्रवार की शाम एक दुकान पर सामान खरीद रहे एक युवक पर एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से गर्दन व पीठ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिया। युवक सड़क पर गिर तड़पने लगा। आसपास के लोग अभी कुछ समझ पाते कि हमलावर भाग गया।
परिजन घायल युवक को मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर ले गए, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन कर हमलावर की तलाश में जुटी है। मामला प्रेम संबंध बताया जा रहा है।
दो संप्रदाय के बीच हुए विवाद के चलते गांव में एहतियात के तौर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। शेखवापट्टी निवासी 38 वर्षीय इस्तखार आलम ऑटो चलाता है। वह शाम को ऑटो चलाकर लाला गुरवलिया चौराहे पर आया और ऑटो खड़ी कर गौराखोर गांव जाने वाली सड़क किनारे एक दुकान पर कुछ सामान खरीद रहा था।
इसी बीच डिघवापट्टी उसरहवा टोला निवासी बादल प्रसाद उसके पास पहुंचा और उसकी गर्दन और शरीर के अन्य जगहों पर ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से कई प्रहार किया। इससे इस्तखार सड़क पर गिर कर तड़पने लगा। घटना के समय कुछ देर के लिए चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते हमलावर घटना में प्रयुक्त हथियार सहित वहां से भाग गया।
घटना के बाद घायल को स्वजन कसया सीएचसी ले गए। वहां पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। वहां पर भी चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
इसकी सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजप्रकाश सिंह सहयोगियों संग मौके पर पहुंच आवश्यक छानबीन की। घटना को लेकर गांव के लोगों का कहना है कि दोनों का एक ही महिला से काफी दिनों से प्रेम संबंध है। इसको लेकर कई बार गांव में पंचायत भी हो चुकी है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। हमलावर की तलाश की जा रही है।